
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के दीपपुर गांव में 70 वर्षीय किसान राम आसरे यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार का कहना है कि लंबे समय से खेतों में आ रहे केमिकल युक्त पानी के कारण उनकी कृषि भूमि पूरी तरह बंजर हो गई थी, जिससे वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे।परिजनों के अनुसार, सजारी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का पानी ओवरफ्लो होकर उनके खेतों में भर जाता था। इसमें टेनरियों से आने वाले केमिकल मिले होने के कारण लगभग 3 बीघा से अधिक जमीन पूरी तरह बर्बाद हो गई थी। कई वर्षों से खेतों में कोई पैदावार नहीं हो रही थी, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई थी।पत्नी शारदा देवी ने बताया कि खेती पर ही परिवार की आजीविका निर्भर थी, लेकिन जमीन खराब होने के बाद हालात बिगड़ते चले गए। इसी तनाव में किसान मानसिक रूप से परेशान रहते थे।शुक्रवार रात किसान ने घर में पंखे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने उनका शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची महाराजपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।एसीपी अभिषेक पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में खेतों के बंजर होने और आर्थिक तंगी की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।