7.5 करोड़ से बदलेगा फाजिलनगर ब्लॉक कार्यालय का स्वरूप
पारदर्शी विकास न्यूज़ फाजिलनगर। फाजिलनगर ब्लॉक कार्यालय परिसर का करीब 7.5 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद पुराने भवनों के ध्वस्तीकरण और नए निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने ब्लॉक परिसर पहुंचकर निर्माण तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली। परियोजना के तहत पुराने भवनों को हटाकर हाईटेक ब्लॉक कार्यालय, बीडीओ आवास और ब्लॉक प्रमुख कार्यालय विकसित किया जाएगा। परिसर में ऑडिटोरियम, मीटिंग हॉल, पार्क और पाथवे के साथ फरियादियों के बैठने के लिए अलग हॉल बनाया जाएगा। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल और प्रसाधन जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक चरण की नियमित निगरानी करने और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि घटिया सामग्री के इस्तेमाल या निर्माण में अनियमितता मिलने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।परियोजना पूरी होने के बाद ब्लॉक कार्यालय का स्वरूप आधुनिक होगा और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनसुनवाई से जुड़े कार्यों के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। निरीक्षण के दौरान प्रमुख प्रतिनिधि राजेश कुमार जायसवाल, बीडीओ रवि कुमार रंजन, गौरव जायसवाल, दिनेश सिंह और इंद्रजीत कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।