news-details

47°C के पार पहुंचा पारा;

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS देश के कई हिस्से इस समय भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में हैं। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, ओडिशा और तेलंगाना में तापमान लगातार खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के बांदा और विदर्भ के ब्रह्मपुरी में सोमवार को तापमान 47°C से ऊपर दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के खजुराहो में 47.2°C और नौगांव में 46.8°C तापमान रिकॉर्ड हुआ।बढ़ती गर्मी को देखते हुए पंजाब सरकार ने स्कूलों और सरकारी दफ्तरों के समय में बदलाव किया है। अब स्कूल और दफ्तर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक खुलेंगे। वहीं चंडीगढ़ में समर कैंप की आउटडोर गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है।मौसम विभाग के अनुसार 27 और 28 मई को राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई इलाकों में हीटवेव जारी रहने की संभावना है। कुछ राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और आंधी-बारिश भी हो सकती है।मानसून फिलहाल केरल तट से 30-35 किलोमीटर दूर अटका हुआ है। केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के तटीय इलाकों में बारिश हो रही है, लेकिन मानसून आगे बढ़ने की सभी परिस्थितियां अभी पूरी नहीं हो पाई हैं।राजस्थान में 19 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। कोटा सबसे गर्म शहर रहा, जबकि जयपुर में रेगिस्तानी इलाकों से भी ज्यादा गर्मी दर्ज की गई। मध्य प्रदेश के 45 जिले हीटवेव की चपेट में हैं और पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है।उत्तर प्रदेश में बांदा सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.6°C रिकॉर्ड किया गया। हालांकि लखनऊ, अयोध्या और उन्नाव समेत कई इलाकों में देर रात तेज आंधी और बारिश से कुछ राहत मिली। लखनऊ में 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली।हरियाणा के सिरसा में तापमान 46.2°C तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने 17 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में 28 मई से बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।बिहार, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी गर्मी के साथ आंधी-बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 मई से प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे कई राज्यों को गर्मी से राहत मिल सकती है।