
Pardarshi Vikas News Amethi
राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ ने अपने साप्ताहिक कार्यक्रम के तहत 450 जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन वितरित किया। यह वितरण स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जिला चिकित्सालय और रेलवे स्टेशन परिसर में किया गया, जिसमें मरीज, तीमारदार, यात्री और असहाय लोग शामिल थे।संघ के अध्यक्ष मेराज अहमद खान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नवागत सीएमएस डॉ. अविनाश गुप्ता ने भोजन की थाली वितरित कर किया। डॉ. गुप्ता ने संघ के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल भूखे मरीजों और उनके तीमारदारों को भोजन उपलब्ध कराकर सराहनीय कार्य कर रही है।रेलवे स्टेशन परिसर में वरिष्ठ टिकट निरीक्षक परतेश्वर सिंह ने जरूरतमंदों को भोजन की थाली देकर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने भोजन प्राप्त किया।संघ के संस्थापक निजाम खान ने बताया कि यह पूरा कार्य जनसहयोग से निरंतर संचालित हो रहा है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों का योगदान मिल रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि इस बार के मेन्यू में अरहर की दाल, मौसमी सब्जी, रोटी और चावल शामिल थे।कार्यक्रम के तहत मेडिकल कॉलेज परिसर में 320 लोगों को और रेलवे स्टेशन पर 130 लोगों को निःशुल्क भोजन दिया गया। इस सेवा कार्य में जियाउल कमर सिद्दीकी, नफीसा बानो, हाजी मुज्तबा अंसारी, सरदार गुरुप्रीत सिंह, अब्दुल वदूद (मिलियन टेलर), आदिल हसन, यूसुफ पठान, बैजनाथ प्रजापति और माता प्रसाद जायसवाल सहित कई समाजसेवियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।