news-details

45 मिनट का शो, 12 मिनट में खत्म!

You can share this post!

अंजलि अरोड़ा पर कानपुर कोर्ट में पहुंचा मामला

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सोशल मीडिया पर ‘कच्चा बादाम गर्ल’ के नाम से चर्चित अंजलि अरोड़ा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कानपुर में आयोजित ‘नगाड़ा नाइट्स’ कार्यक्रम को लेकर उनके खिलाफ कोर्ट में शिकायत दाखिल की गई है। शिकायतकर्ता ने धोखाधड़ी, मानहानि, धमकी देने और झूठी जानकारी देने जैसे आरोप लगाए हैं। अदालत ने परिवादी आशीष कुमार के बयान दर्ज कराने के लिए 5 नवंबर की तारीख तय की है।

मामला 15 अक्टूबर को लाजपत भवन लॉन में आयोजित कार्यक्रम से जुड़ा है। आयोजक का आरोप है कि अंजलि अरोड़ा के साथ 45 मिनट की परफॉर्मेंस के लिए तीन लाख रुपये में समझौता हुआ था, लेकिन वह देर से मंच पर पहुंचीं और करीब 12 मिनट बाद ही कार्यक्रम छोड़कर चली गईं।

तीन लाख की डील, फिर भुगतान को लेकर विवाद!
शिकायतकर्ता के अनुसार, अंजलि की मैनेजर प्रीति दुबे से बातचीत के बाद कार्यक्रम तय हुआ था। आयोजकों का दावा है कि उन्होंने अलग-अलग खातों में 2.75 लाख रुपये ट्रांसफर किए और शेष 75 हजार रुपये का भुगतान भी एयरपोर्ट पर किया। अंजलि और उनकी टीम के चार सदस्यों के आने-जाने के टिकट, ठहरने और खाने की व्यवस्था भी आयोजकों ने की थी।

आरोप है कि 15 अक्टूबर को शाम करीब चार बजे कानपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद अंजलि ने बकाया भुगतान मिलने तक बाहर निकलने से इनकार कर दिया। हालांकि, इस घटनाक्रम पर उनका पक्ष उपलब्ध नहीं है।

12 मिनट की परफॉर्मेंस से 20 लाख के नुकसान का दावा
आयोजकों के मुताबिक, अंजलि को रात नौ बजे से 9:45 बजे तक प्रस्तुति देनी थी, लेकिन वह करीब 9:45 बजे मंच पर पहुंचीं और लगभग 12 मिनट बाद कार्यक्रम छोड़कर चली गईं। आयोजक का दावा है कि इस विवाद के कारण स्पॉन्सरों ने पूरी रकम नहीं दी और उन्हें करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ।विवाद बढ़ने पर आयोजकों ने अंजलि अरोड़ा को 1.20 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस भेजने का दावा किया। इसके बाद एसीजेएम-5 की अदालत में शिकायत दाखिल की गई। शिकायतकर्ता के अधिवक्ता के अनुसार, अदालत ने बयान दर्ज कराने के लिए 5 नवंबर की तारीख निर्धारित की है।

सोशल मीडिया से कोर्ट तक पहुंचा विवाद
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम के बाद अंजलि ने 19 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर आयोजन प्रबंधन और अपने साथ हुए व्यवहार पर सवाल उठाए थे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कानूनी नोटिसों का सिलसिला शुरू हुआ।फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़नी है। अंजलि अरोड़ा का पक्ष सामने आने के बाद ही विवाद के दूसरे पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।