
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। ऐतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम के पुनर्विकास को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस प्रोजेक्ट की अंतिम रूपरेखा अगले एक सप्ताह में तय कर ली जाएगी। इसके लिए गठित तकनीकी टीम ने स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करना शुरू कर दिया है।मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे जैन के नेतृत्व में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों की टीम ने स्टेडियम की गैलरियों और अन्य संरचनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह आकलन किया गया कि कौन से हिस्से जर्जर हैं और किन संरचनाओं को सुरक्षित रखा जा सकता है।प्रदेश सरकार पहले ही पुनर्विकास परियोजना के लिए 45 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी कर चुकी है। इसके बाद डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है।अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी टीम की संयुक्त रिपोर्ट अगले एक सप्ताह में मंडलायुक्त को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर यह तय होगा कि स्टेडियम के किन हिस्सों में बदलाव किया जाएगा और कौन-कौन सी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।ग्रीन पार्क के कायाकल्प के साथ स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की योजना है, जिससे कानपुर की खेल पहचान को नई मजबूती मिलेगी।