
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। इंडियन बैंक स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) महोबा में आयोजित 31 दिवसीय महिला सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन सोमवार को किया गया। समापन अवसर पर संस्थान के निदेशक राम कुमार ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए तथा स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण, व्यवसाय संचालन और आत्मनिर्भर बनने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद महिलाएं बैंक से उचित ऋण लेकर अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करें और आर्थिक रूप से सशक्त बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें। उन्होंने बताया कि आरसेटी का उद्देश्य महिलाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है।समापन समारोह में एसेसर रायचंद्र शुक्ल एवं शिक्षिका शिखा मिश्रा ने प्रशिक्षार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान का मूल्यांकन भी किया। वहीं मास्टर ट्रेनर साधना दोहरेया ने सिलाई एवं कढ़ाई से संबंधित व्यावहारिक और सैद्धांतिक जानकारी साझा की।इस अवसर पर संस्थान की संकाय सदस्य दीपा रैकवार, कार्यालय सहायक अशोक कुमार साहू, राहुल कुमार गुप्ता, सुरेन्द्र भूषण, शिव कुमार पाल सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।