
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को विकास भवन परिसर में दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह की अध्यक्षता और विधायक राकेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में 262 दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 39 हियरिंग एड, 28 वैशाखी, 153 ट्राईसाइकिल, 43 व्हील चेयर, 21 वॉकिंग स्टिक, 43 स्मार्ट केन और दो एमआर किट शामिल रहे। शादी अनुदान योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 526 लाभार्थियों को 20 हजार रुपये प्रति लाभार्थी की दर से लाभ दिया जा चुका है। इनमें पांच लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण-पत्र दिए गए। वहीं, ओ लेवल/सीसीसी परीक्षा उत्तीर्ण पांच प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार गरीब, दिव्यांग और कमजोर वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में सीडीओ पूजा साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।