news-details

25 अक्टूबर तक मिलेगा मुफ्त राशन, अंत्योदय कार्डधारकों को 35 किलो खाद्यान्न

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो / कुशीनगर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत कुशीनगर जिले में अक्टूबर माह का निःशुल्क खाद्यान्न वितरण 10 से 25 अक्टूबर तक किया जाएगा। इसके तहत अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशनकार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा में गेहूं और फोर्टिफाइड चावल उपलब्ध कराया जाएगा। जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल ने बताया कि खाद्य आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश के क्रम में वितरण की व्यवस्था की गई है।अंत्योदय कार्ड पर 35 किलो राशनजिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, अंत्योदय राशनकार्ड धारकों को प्रति कार्ड 10 किलोग्राम गेहूं और 25 किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल, कुल 35 किलोग्राम खाद्यान्न निःशुल्क दिया जाएगा। वहीं, पात्र गृहस्थी राशनकार्ड से जुड़े प्रत्येक यूनिट पर एक किलोग्राम गेहूं और चार किलोग्राम फोर्टिफाइड चावल, कुल पांच किलोग्राम खाद्यान्न मिलेगा। वितरण के दौरान पोर्टेबिलिटी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।नोडल अधिकारी करेंगे निगरानीखाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उचित दर दुकानों पर उपलब्ध खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन जिलाधिकारी द्वारा नामित नोडल अधिकारियों के माध्यम से कराया जाएगा। संबंधित उपजिलाधिकारियों के जरिए सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होगी। नोडल और पर्यवेक्षणीय अधिकारी अपनी देखरेख में निर्धारित समय के भीतर वितरण सुनिश्चित कराएंगे।ओटीपी से भी मिलेगा खाद्यान्नजिन लाभार्थियों को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन प्राप्त करने में परेशानी होगी, उन्हें 25 अक्टूबर को वितरण की अंतिम तिथि पर मोबाइल ओटीपी सत्यापन के जरिए निःशुल्क खाद्यान्न दिया जा सकेगा।सुबह आठ से शाम छह बजे तक खुलेंगी दुकानेंजिला पूर्ति अधिकारी ने उचित दर विक्रेताओं को निर्देश दिया है कि वे 10 से 25 अक्टूबर तक सुबह आठ से दोपहर 12 बजे और दोपहर दो से शाम छह बजे तक दुकानें खुली रखें। उन्होंने राशनकार्ड धारकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपनी उचित दर दुकान पर पहुंचकर नियमानुसार आवंटित खाद्यान्न प्राप्त करें।