
पारदर्शी विकास न्यूज़ औरैया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल के औरैया स्थित साईं मंदिर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं व ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं में प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्यामलाल पाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कथित कुशासन से परेशान है और बदलाव चाहती है।पाल ने युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रोजगार और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग करने वाले युवाओं की समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर कार्रवाई की गई।कानून-व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर जनता की समस्याएं उठाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम, सांसद जितेंद्र दोहरे, दिबियापुर विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, पूर्व विधायक रामजी शुक्ला समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।