
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर सेंट्रल जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में करीब 15 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने मामले में ओडिशा निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 12 किलो 695 ग्राम गांजा मिला। बुधवार सुबह जीआरपी और आरपीएफ द्वारा स्टेशन क्षेत्र में चोरी और मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कानपुर सेंट्रल स्टेशन के पास हेरिटेज पुल के निकट झकरकटी बस अड्डे की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक संदिग्ध युवक को रोका गया।तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम बहादुर गुंगा (35) निवासी कोरापुट, ओडिशा के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर लखनऊ जाने की तैयारी में था और ट्रेन का इंतजार कर रहा था।पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस नेटवर्क से जुड़ा है और गांजे की सप्लाई कहां की जानी थी।