
पारदर्शी विकास ब्यूरो, कुशीनगर। खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा सिसवा मनिराज निवासी 13 वर्षीय छात्र देवानंद सैनी के अचानक लापता हो जाने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन पिछले कई दिनों से उसकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।प्राप्त जानकारी के अनुसार देवानंद पुत्र शंभू सैनी खड्डा स्थित मॉडल स्कूल में कक्षा सात का छात्र है। वह 30 मई 2026 को सुबह लगभग 8 बजे घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी इंतजार के बाद परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के गांवों में तलाश की गई, लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिली।बालक के लापता होने से परिवार के सदस्य गहरे सदमे में हैं। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और परिवार को किसी अनहोनी की आशंका सता रही है। ग्रामीण भी बच्चे के सकुशल मिलने की कामना कर रहे हैं।घटना की सूचना परिजनों ने खड्डा थाने में लिखित तहरीर देकर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है तथा संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाई जा रही है।परिजनों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को देवानंद सैनी के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तत्काल खड्डा थाना या परिवार के मोबाइल नंबर 8127389966 एवं 9935849007 पर सूचना दें, ताकि बालक को सकुशल उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।