
पारदर्शी विकास न्यूज़, रामकोला (कुशीनगर)। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने के उद्देश्य से 13 नवंबर को ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता प्राथमिक विद्यालय रामकोला में होगी। बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी प्रभात चंद्र राय की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन की तैयारियों पर चर्चा की गई। बैठक में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, उत्तर प्रदेश प्रादेशिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों, शिक्षा विभाग के ईआरपी और नोडल शिक्षकों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में अधिक से अधिक विद्यालयों और विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।खंड शिक्षा अधिकारी प्रभात चंद्र राय ने कहा कि खेलकूद बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे शारीरिक और मानसिक क्षमता के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने सभी शिक्षकों से आपसी समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के अध्यक्ष केश गोविंद राव, महामंत्री डॉ. घनश्याम वर्मा और जिला संगठन मंत्री अनुरोध त्रिपाठी ने भी शिक्षकों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का बेहतर मंच प्रदान करते हैं।