news-details

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कानपुर योगमय, ग्रीन पार्क में हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

You can share this post!

 

pardarshi vikas news kanpur 
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को पूरा कानपुर योगमय नजर आया। ग्रीन पार्क स्टेडियम, छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग शिविर आयोजित किए गए, जहां हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन और फिटनेस का संदेश दिया। ग्रीन पार्क स्टेडियम में जिला प्रशासन की ओर से भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधायक सरोज कुरील तथा एमएलसी अरुण पाठक ने भी योगाभ्यास किया। जनप्रतिनिधियों ने योग को स्वस्थ, निरोग और अनुशासित जीवन का आधार बताते हुए लोगों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह

कार्यक्रम में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा, संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन टाडा, डीसीपी श्रवण सिंह तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सहभागिता की। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में हजारों लोगों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।

कानपुर सांसद रमेश अवस्थी

वहीं छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के हेलीपैड ग्राउंड में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रांत प्रचारक राम जी और कुलपति प्रो. विनय पाठक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विश्वविद्यालय परिवार, सामाजिक संगठनों तथा छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।

पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल

प्रांत प्रचारक राम जी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और अमूल्य धरोहर है। यह केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है। नियमित योग से तनाव कम होता है और व्यक्ति स्वस्थ जीवन जी सकता है। कुलपति प्रो. विनय पाठक ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में योग की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है। उन्होंने घोषणा की कि विश्वविद्यालय में नियमित योग कक्षाओं का संचालन शुरू किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान कुलपति ने प्रांत प्रचारक राम जी को तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित भी किया।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने तथा अधिक से अधिक लोगों को योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।