125 श्रमिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत श्रम विभाग ने चिकित्सा विभाग के सहयोग से निर्माणाधीन जिला कारागार, पडरौना में कार्यरत करीब 125 श्रमिकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया। शिविर में श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन कुशीनगर सांसद विजय कुमार दूबे ने किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के तहत 14 श्रमिकों और उनके आश्रितों को कुल 7.15 लाख रुपये की सहायता के स्वीकृति पत्र प्रदान किए।लाभार्थियों को मातृत्व शिशु एवं बालिका मदद योजना, कन्या विवाह सहायता योजना, संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना तथा मृत्यु एवं दिव्यांगता सहायता योजना के अंतर्गत सहायता प्रदान की गई। अधिकारियों ने श्रमिकों को विभाग की अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।शिविर में श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरडी कुशवाहा, चिकित्सा विभाग की टीम, श्रम विभाग के कर्मचारी और जिला कारागार निर्माण कार्यदायी संस्था के शम्भू लाल धीरवानी सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने श्रमिकों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेकर आवश्यक परामर्श भी दिया।