
साइबर सेल ने लौटाई 20 लाख की खुशियां
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। कानपुर पुलिस की साइबर सेल पश्चिम जोन ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 101 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। लंबे समय से अपने मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों को जब उनके फोन वापस मिले तो उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी के निर्देशन में गठित साइबर सेल टीम ने की। साइबर सेल पश्चिम जोन और विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित साइबर हेल्प डेस्क टीमों ने सीईआईआर (संचार साथी) पोर्टल, जनसुनवाई पोर्टल और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर लगातार काम किया। तकनीकी विश्लेषण, सर्विलांस और अन्य डिजिटल माध्यमों की मदद से मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया गया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल फोन अलग-अलग स्थानों और व्यक्तियों के पास से प्राप्त हुए हैं। इनमें एक मोबाइल ऐसा भी शामिल है जो वर्ष 2023 में खो गया था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। साइबर टीम की सतत निगरानी और तकनीकी प्रयासों के चलते उसे भी खोज निकाला गया।मोबाइल बरामद करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शुभम यादव (प्रभारी साइबर सेल पश्चिमी जोन), उपनिरीक्षक राजन यादव, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार तथा कांस्टेबल अभिषेक यादव, रोबिन सिंह, मुन्ना सिंह, सतनाम सिंह और विनय कुमार शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइल किन परिस्थितियों में अन्य लोगों के पास पहुंचे, इसकी भी जांच की जा रही है। यदि जांच के दौरान चोरी या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से जुड़ी जानकारी सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने कानपुर पुलिस और साइबर सेल की सराहना की।
"कानपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की बरामदगी के लिए लगातार कार्य कर रही है। साइबर सेल की टीम ने तकनीकी सहायता से 101 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाया है। आमजन से अपील है कि मोबाइल खोने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल या नजदीकी पुलिस कार्यालय में शिकायत दर्ज कराएं।"-पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस एम कासिम आबिदी