news-details

100 करोड़ की फर्जी जीएसटी बिलिंग का खुलासा

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा। लोहामंडी थाना पुलिस, साइबर सेल और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी जीएसटी बिलिंग और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) घोटाले का बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों ने ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसने बोगस फर्मों के जरिए करीब 100 करोड़ रुपये की फर्जी बिलिंग कर सरकार को करोड़ों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाया।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अमन डंग, सौरभ सिंह और 68 वर्षीय राम अवतार शर्मा को गिरफ्तार किया है। एसीपी गौरव सिंह के अनुसार, राज्यकर विभाग की शिकायत पर दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान यह कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि सौरभ सिंह फर्जी फर्मों का संचालन करता था, जबकि अमन डंग फर्जी बिल और दस्तावेज तैयार करने का काम करता था। राम अवतार शर्मा नकली दस्तावेज बनाकर फर्मों के पंजीकरण में मदद करता था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक रिकॉर्ड, फर्जी दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। साइबर विशेषज्ञ इन उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कर रहे हैं ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरोह बिना वास्तविक कारोबार के कागजों पर कंपनियां बनाकर फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल जारी करता था। इसके जरिए विभिन्न कारोबारियों को अवैध रूप से आईटीसी का लाभ दिलाया जाता था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि नेटवर्क उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश तक फैला हुआ है।पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।