
पारदर्शी विकास ब्यूरो, महोबा। जनपद में सुरक्षित और सुगम व्यापारिक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को पुलिस लाइन सभाकक्ष में व्यापारियों के साथ मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव पुलिस प्रशासन के समक्ष रखे। गोष्ठी के दौरान व्यापारियों ने अतिक्रमण, गुगौरा चौकी क्षेत्र में सड़क निर्माण के चलते लगने वाले जाम, विशेष अवसरों पर वन-वे व्यवस्था लागू करने, ट्रैफिक प्रबंधन, सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए जाने जैसे मुद्दे उठाए। पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की प्राथमिकता है तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसपी ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों और बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे अपराध नियंत्रण और अपराधियों की पहचान में मदद मिलती है। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी साइबर ठगी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की सलाह दी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह सहित जनपद के विभिन्न व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।