news-details

विशेष टीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले संविदा शिक्षकों को मिलेगा अवकाश

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़, प्रयागराज/लखनऊ। विशेष शिक्षक पात्रता परीक्षा (स्पेशल टीईटी) में शामिल होने वाले संविदा शिक्षकों और स्पेशल एजुकेटर्स अभ्यर्थियों को शासन ने बड़ी राहत दी है। परीक्षा के दिन यानी 3 नवंबर 2026 को उन्हें विशेष अवकाश स्वीकृत किया जाएगा। इस संबंध में शासन के संयुक्त सचिव लाल मणि यादव ने 30 अक्टूबर को शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश को पत्र जारी किया है।उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित यह परीक्षा प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों आगरा, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी में होगी। इसके लिए कुल 131 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक चलेगी।शासन ने शिक्षा निदेशक को विशेष अवकाश के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जनगणना प्रशिक्षण से शिक्षकों को मुक्त करने की मांग
उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ने 3 नवंबर को विशेष टीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को जनगणना प्रशिक्षण की ड्यूटी से मुक्त करने का अनुरोध किया है। इस संबंध में जिलाधिकारी और बीएसए को पत्र सौंपा गया है। जिला अध्यक्ष अब्दुल रसीद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयराम कनौजिया और महामंत्री रमाकांत मौर्य ने शुक्रवार को पत्र देकर परीक्षा में शामिल होने वाले शिक्षकों को प्रशिक्षण ड्यूटी से राहत देने की मांग की।