
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति (दृष्टि) की बैठक बुधवार को सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में राज्य सरकार द्वारा वित्त पोषित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिले में विकास कार्यों में सुधार हुआ है और योजनाओं को तेजी से पूरा कराया जा रहा है।समीक्षा में बताया गया कि पं. दीनदयाल उपाध्याय सोलर लाइट योजना में लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल हुई है। मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पिछले वर्ष 1114 के लक्ष्य के मुकाबले 1070 आवास पूरे हो चुके हैं। इस वर्ष 2212 आवासों का लक्ष्य है। पंचायतीराज विभाग के तहत 139 डिजिटल लाइब्रेरी का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया गया है, जबकि कुछ में कंप्यूटर लगाने का कार्य बाकी है। शादी अनुदान योजना में 1227 के लक्ष्य के सापेक्ष 975 लाभार्थियों को अनुदान दिया जा चुका है।बैठक में विद्यालयों की गुणवत्ता, स्वच्छता, छात्रवृत्ति, पंचायत भवन और अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।