
पारदर्शी विकास, महोबा। स्कूटी व बाइक की टक्कर से एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक द्वारा प्राथमिक उपचार कर दो की हालत नाज़ुक होने पर रिफर कर दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के बेलाताल रोड पर रेलवे स्टेशन व मुढ़ारी तिगैला के पास कुलपहाड़ निवासी अपने निजी स्कूल की प्रधानाचार्या स्वाति अग्रवाल स्कूटी से बेलाताल स्थित अपने विधालय जा रहीं थीं, तभी सामने से आ रही तेज गति से बाइक सवार अनुज पुत्र अज्ञात 30 वर्ष निवासी हथौड़ा जिला बांदा व उसका साथी नरेन्द्र पुत्र पंखीलाल उम्र करीब 22 वर्ष निवासी कबरई जिला महोबा ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को आनन फानन में झांसी ले जाया गया। वहीं बाइक सवार एक युवक अनुज को गंभीर अवस्था में महोबा रिफर कर दिया गया। जबकि नरेंद्र की हालत ठीक बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो स्कूटी सवार महिला ने अपनी स्कूटी सड़क किनारे साइड में खड़ी कर दी थी, लेकिन बाइक की स्पीड अधिक होने के कारण कंट्रोल नहीं कर सका और खड़ी स्कूटी से जोरदार टकरा गया। साथी बाइक सवार नरेंद्र ने बताया कि दोनों लोग जैतपुर ब्लाक के ग्राम बुधवारा में अपनी रिस्तेदारी के एक शादी समारोह से लोटकर आ रहे थे। बता दें कि अभी बीते कुछ दिन पहले 4 मई को इसी घटना स्थल पर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर होने से तीन व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई थी। जागरूक लोगों ने घटना स्थल पर रोड के तीनों ओर ब्रेकर बनवाने की मांग की है।