
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पांडेय का पुरवा, गूजीपुर गांव में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव से कुछ दूरी पर धान के खेत में 16 वर्षीय किशोर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। मृतक की पहचान सतीश वर्मा पुत्र बद्री प्रसाद वर्मा के रूप में हुई है। किशोर का शव मिलने की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। वहीं, परिजनों ने बेटे की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।पुलिस के मुताबिक, सतीश वर्मा का शव गुरुवार दोपहर गांव के पास धान के खेत में मिला। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।मृतक की मां विमला देवी और पिता बद्री प्रसाद वर्मा का आरोप है कि उनका बेटा 19 अक्टूबर की शाम गांव के ही दो युवकों के साथ घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। गुरुवार को धान के खेत में उसका शव मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।परिजनों ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए दो युवकों की भूमिका पर संदेह जताया है। उन्होंने विशेषरगंज के एक चाट व्यवसायी की भूमिका को भी संदिग्ध बताया है। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर से पुष्टि नहीं हुई है।घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी श्रताभ भास्कर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मृतक के परिजनों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एसओजी टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।