
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भाजपा के सदस्यता ग्रहण समारोह में अमेठी पहुंचीं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने बुधवार को ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान के भोजपुर स्थित घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर महिलाओं को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।स्मृति ईरानी हवाई मार्ग से लखनऊ पहुंचीं, जहां भाजपा जिला महामंत्री विषुव मिश्र ने उनका स्वागत किया। जगदीशपुर विधायक सुरेश पासी भी उनके साथ रहे। इसके बाद वह सड़क मार्ग से गौरीगंज पहुंचीं और भाजपा के सदस्यता ग्रहण समारोह में शामिल हुईं। कार्यक्रम के बाद जिला महामंत्री विषुव मिश्र के साथ भोजपुर जाकर दिवंगत जवान के परिजनों से मिलीं।स्मृति ईरानी ने परिवार की महिलाओं के साथ जमीन पर बैठकर उनका दुख साझा किया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करते हुए जवान का निधन दुखद है। यह परिवार और क्षेत्र के लिए दुख के साथ गौरव का विषय भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा सुख-दुख में परिवार के साथ खड़ी रहेगी।