
मायावती ने आकाश आनंद के साथ दी श्रद्धांजलि, कार्यकर्ताओं ने बहुजन समाज को हुक्मरान समाज बनाने का संकल्प लिया
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक मान्यवर कांशीराम का 19वां महापरिनिर्वाण दिवस उत्तर प्रदेश सहित देश के सभी राज्यों में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लखनऊ स्थित बसपा के सेंट्रल कैंप कार्यालय में पार्टी सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद, आनंद कुमार, राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र और प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ कांशीराम को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने बहुजन समाज को हुक्मरान समाज बनाने के संकल्प को दोहराया। मान्यवर कांशीराम स्मारक स्थल पर उनकी पुण्यतिथि बौद्ध रीति से मनाई गई। सुबह 10 बजे के बाद आयोजित पूजा-वंदना कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। धम्मा लर्निंग सेंटर के संस्थापक बौद्ध भिक्षु भंते चंदिमा महाथेरो ने भिक्षु संघ के साथ पूजा-वंदना कराई और सभी के मंगल की कामना की। कार्यक्रम का संचालन मुख्य मंडल प्रभारी सूरज सिंह जाटव ने किया। इस दौरान विश्वनाथ पाल सहित पार्टी नेताओं ने भिक्षु संघ को दान भी दिया।

स्मारक स्थल पर दिनभर कार्यकर्ताओं की आवाजाही बनी रही। लोगों ने कांशीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। कार्यकर्ताओं ने स्मारक स्थल का भ्रमण किया और समूह तस्वीरें व सेल्फी भी लीं। इस दौरान “बीएसपी जिंदाबाद”, “बाबा साहब डॉ. आंबेडकर अमर रहें” और “मान्यवर कांशीराम साहब अमर रहें” सहित विभिन्न नारे लगाए गए। “बहन मायावती संघर्ष करो, हम आपके साथ हैं” और “सर्वसमाज के सम्मान में, बहन मायावती मैदान में” जैसे नारों से परिसर गूंजता रहा। कार्यक्रम में पूर्व सांसदों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों, पूर्व विधान परिषद सदस्यों, मंडल प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, बामसेफ के जिला संयोजकों और पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों ने भाग लिया। प्रमुख रूप से डॉ. बलिराम, घनश्याम चंद खरवार, मुनकाद अली, गिरीश चंद्र जाटव, सलीम अंसारी, गया चरण दिनकर, भीमराव आंबेडकर, नौशाद अली, दिनेश चंद्रा, डॉ. विजय प्रताप गौतम, अखिलेश आंबेडकर, सुशील कुमार मुन्ना, मौजी लाल गौतम, राजू गौतम, अमरेंद्र बहादुर भारती, शैलेंद्र कुमार, दिलीप कुमार विमल, अजय गौतम, जितेंद्र सिंह बबलू, संजीव भारती और जितेंद्र कुमार मिश्र सहित अनेक नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कांशीराम के विचारों और बहुजन समाज के राजनीतिक-सामाजिक उत्थान के लक्ष्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।