
पारदर्शी विकास, महोबा। कोतवाली कुलपहाड़ में उपजिलाधिकारी डॉ प्रदीप कुमार की अध्यक्षता व प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह एवं क्राइम इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह की मौजूदगी में आयोजित थाना समाधान दिवस में 21 शिकायतें पत्र प्राप्त हुईं हैं, जिनमें 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। थाना समाधान दिवस में ज्यादातर शिकायतें भूमि विवाद से सम्बन्धित प्राप्त हुईं हैं, जिन्हें निस्तारण के लिए सम्बन्धित लेखपालों की टीम गठित कर निस्तारण के लिए भेजा गया। बता दें कि इस समय भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। इसके बाद भी फरियादियों की भीड़ जुटी रही। यहां के समाधान दिवस में अभी तक के रिकार्ड में सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज की गई हैं। शिकायतकर्ता मलखान पुत्र सुम्मेरा ग्राम सुगिरा ने अपनी भूमि मौजा कुलपहाड़ में गाटा संख्या 4272, 4256,4271 के आसपास की भूमि पर विपक्षियों द्वारा जबरन कब्जा कर लिया है। हरचरन पुत्र मुरलीधर ग्राम अण्डवारा के गाटा संख्या 577 व 558 की भूमि पर विपक्षीगण द्वारा गड्डी पत्थर उखाड़ कर फेंक दिया है। छक्कीलाल पुत्र तिजवा ग्राम रगौलिया खुर्द ने आरोप लगाया कि विपक्षी द्वारा कुइया में मिट्टी डालकर पूर दिया है तथा बगल में लगे हैण्ड पम्प पर समरसेविल डालकर अपने कब्जे में ले लिया है। सीताराम तिवारी पुत्र स्वामी प्रसाद ग्राम मुढ़ारी ने अपने भूमि नंबर 1437 में प्रार्थी की गैरमौजूदगी में दबंगों द्वारा जबरन शौचालय का निर्माण करना आदि सहित 21 शिकायतें दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर 5 शिकायतों का निस्तारण किया गया, और 5 शिकायतों को टीम गठित कर मौके पर भेजकर तुरन्त निस्तारण कराया गया है। शेष शिकायतों को सम्बन्धित लेखपालों को सौंप कर एक सप्ताह के अंदर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।