
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। दिल्ली के रामलीला मैदान में आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाली कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को सफल बनाने के लिए सुल्तानपुर में पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर महारैली में भागीदारी करेंगे। इसके लिए संगठन स्तर पर कार्यकर्ताओं से संपर्क साधने, आपसी समन्वय बनाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की कवायद तेज हो गई है। गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा एवं शहर अध्यक्ष शकील अंसारी के नेतृत्व में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली महारैली की तैयारियों, जिले से कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठन को सक्रिय बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि सुल्तानपुर से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन दिल्ली पहुंचकर लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करेंगे।बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) की ओर से नियुक्त जिला पर्यवेक्षक एवं जगदीशपुर के पूर्व विधायक राधेश्याम कनौजिया विशेष रूप से मौजूद रहे। उनकी उपस्थिति में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने महारैली को सफल बनाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया। साथ ही संगठन के विभिन्न स्तरों पर समन्वय स्थापित करने और रैली के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक एवं जिला पर्यवेक्षक राधेश्याम कनौजिया ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के संकल्प को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच पहुंचना चाहिए और महारैली के उद्देश्यों से लोगों को अवगत कराना चाहिए। उन्होंने संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने तथा दिल्ली में आयोजित महारैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
महारैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटे कांग्रेसी:अभिषेक सिंह राणा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को सफल बनाने के लिए सुल्तानपुर का कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ जुटा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के साथ प्रत्येक नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा के लिए आवाज बुलंद करना कांग्रेस की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि जिले के कांग्रेसजन महारैली में भाग लेने के लिए उत्साहित हैं और अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और महारैली में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है।कांग्रेस की प्रस्तावित महारैली को पार्टी लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने के महत्वपूर्ण अभियान के रूप में देख रही है। बैठक में कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने, संगठन को सक्रिय बनाने और आम जनता को महारैली के उद्देश्यों से अवगत कराने पर जोर दिया गया। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि सुल्तानपुर से बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों की भागीदारी महारैली को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।इस अवसर पर वरिष्ठ नेता हरीश त्रिपाठी, लाल पद्माकर सिंह, राहुल त्रिपाठी,फिरोज अहमद, राजेश तिवारी, रणजीत सिंह सलूजा, कु. निक्लेश सरोज, विजय पाल, मोहम्मद अतीक,वरुण मिश्र,कृष्णचंद्र जायसवाल, विकास मिश्रा, सुरेंद्र शुक्ला, दिनेश तिवारी, शिवपूजन सिंह, मनोज शुक्ला, विवेक श्रीवास्तव, ओमप्रकाश त्रिपाठी, चौटाला, सुरेश चंद्र मिश्र, बेबाक, मनोज तिवारी, राहुल मिश्रा, हाजी फिरोज अहमद, सुब्रत सिंह सनी और उमाकांत तिवारी सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।