
अमेठी। तहसील में पात्र गृहस्थी और अंत्योदय योजना के 84,595 राशन कार्डों की जांच शुरू हो गई है। पूर्ति विभाग 24 मानकों पर कार्डधारकों की पात्रता परखेगा। अपात्र पाए जाने वालों के कार्ड निरस्त किए जा सकते हैं।भारत सरकार के निर्देश पर पोर्टल टार्गेटिंग 2.0 के तकनीकी डाटा से कार्डधारकों की जानकारी का मिलान किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि इससे पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करने वालों की पहचान होगी पूर्ति निरीक्षक शुभम ने बताया कि छह महीने से अधिक समय से राशन नहीं लेने वाले परिवारों की भी जांच होगी। दो लाख रुपये से अधिक सालाना आय, चार पहिया वाहन, शस्त्र लाइसेंस, सरकारी नौकरी और पेंशन पाने वाले लोगों की पात्रता भी परखी जाएगी। आधार से जुड़ी जानकारी और अन्य उपलब्ध आंकड़ों से कार्डधारकों का सत्यापन किया जा रहा है।अमेठी तहसील के चार विकासखंडों और नगर पंचायत में राशन कार्ड दर्ज हैं। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, अमेठी ब्लॉक में 23,560, भादर में 23,987, भेटुआ में 18,874 और संग्रामपुर में 16,357 राशन कार्ड हैं। नगर पंचायत अमेठी में पात्र गृहस्थी और अंत्योदय योजना के 1,815 कार्ड दर्ज हैं।पूर्ति विभाग सभी कार्डों की चरणबद्ध तरीके से जांच कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, सत्यापन पूरा होने के बाद अपात्र कार्डधारकों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी। पात्र परिवारों को सरकारी राशन योजना का लाभ मिलता रहेगा।