news-details

टीएसएच में मंचित हुईं पीएम मोदी के जीवन की अनकही कहानियां

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन के संघर्ष, संकल्प और राष्ट्रसेवा की यात्रा को शुक्रवार को वीरेंद्र स्वरूप पार्क स्थित टीएसएच में नाट्य मंचन के माध्यम से जीवंत किया गया। भाजपा कानपुर उत्तर की ओर से आयोजित ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ कार्यक्रम में 13 कलाकारों ने प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का मंचन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर दो बजे वंदे मातरम् के गान से हुई। इसके बाद कलाकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़े प्रसंगों को अभिनय के जरिए प्रस्तुत किया। गुजरात में शुरुआती दौर के टी-स्टॉल से लेकर कच्छ भूकंप के बाद पुनर्निर्माण और कोरोना महामारी के दौरान देश के सामने आई चुनौतियों तक की घटनाओं को मंच पर दिखाया गया। नाट्य प्रस्तुति में संघर्ष, सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण के विषयों को प्रमुखता दी गई। कलाकारों के संवाद और अभिनय पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उत्साह बढ़ाया।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा संकल्प माह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य सेवा और समर्पण की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़ी अनेक अनकही कहानियां संघर्ष और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देती हैं। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री को 36 देशों ने सर्वोच्च सम्मान से विभूषित किया है, जो वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है।मौर्य ने गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान की शुरुआत का उल्लेख करते हुए कहा कि आज यह अभियान जन आंदोलन बन चुका है। उन्होंने प्रयागराज में प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छता कर्मियों के पैर धोने की घटना का जिक्र किया और कहा कि इससे स्वच्छता कर्मियों के सम्मान का संदेश देशभर में पहुंचा। कुंभ में सफाई कर्मियों के योगदान की भी उन्होंने सराहना की।उप मुख्यमंत्री ने जम्मू में तिरंगा फहराने के संकल्प से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात रखने तक प्रधानमंत्री के कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने विश्व के बड़े मंचों से शांति का संदेश दिया है। मौर्य ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें। उन्होंने 2047 तक विकसित और सशक्त भारत के निर्माण का लक्ष्य भी दोहराया।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। उन्होंने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखी। संचालन अवधेश सोनकर और नवाब सिंह ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, सांसद रमेश अवस्थी, प्रदेश मंत्री किरन निषाद, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष नीतू सिंह, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, शिवराम सिंह, रघुनंदन भदौरिया, महिला आयोग की सदस्य पूनम द्विवेदी, अनीता गुप्ता, सुरेश अवस्थी, डॉ. दिवाकर मिश्रा, अभिनव दीक्षित, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा और शिवांग मिश्रा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।कार्यक्रम की जानकारी भाजपा कानपुर उत्तर के जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।