
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुल्तानपुर। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुमही डंडिया गांव में सोमवार देर रात शिक्षक संघ के अध्यक्ष मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह की गला काटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह दोनों के शव खून से लथपथ हालत में मिले। घटना की जानकारी से इलाके में हड़कंप मच गया।
मुकेश सिंह वर्ष 2013 से लगातार प्राथमिक शिक्षक संघ, मोतिगरपुर के अध्यक्ष थे। वह वर्तमान में कंपोजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी विनीता सिंह निजी इंटर कॉलेज संचालित करती थीं। वह पिछले जिला पंचायत चुनाव में वार्ड नंबर 11 से प्रत्याशी भी रही थीं। बताया गया कि वारदात के समय दंपती अपने पैतृक आवास स्थित निजी विद्यालय परिसर में सो रहे थे। घटनास्थल के पास फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू पड़े मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल साक्ष्य जुटाने में लगा रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।