
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को विकास भवन सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें दो सुपर जोनल मजिस्ट्रेट, चार जोनल मजिस्ट्रेट, 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और पूर्व में प्रशिक्षण से छूटे चार माइक्रो ऑब्जर्वर को निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण दिया गया।प्रधानाचार्य आईटीआई जगदीशपुर अजय सिंह ने प्रोजेक्टर और पीपीटी के माध्यम से निर्वाचन प्रक्रिया, अधिकारियों के दायित्वों, निगरानी और पर्यवेक्षण की जानकारी दी। उन्होंने मतदान के दौरान आवश्यक सावधानियों, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया।प्रशिक्षण में अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने, निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी करने और सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने निर्वाचन प्रक्रिया को त्रुटिरहित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।