
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। सड़क हादसे में उन्नाव जिला अस्पताल में तैनात ऑडियोलॉजिस्ट सुरेश कुमार पाल (40) की मौत हो गई। वह शनिवार सुबह वृंदावन कॉलोनी स्थित अपने निर्माणाधीन मकान से स्कूटी से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी स्कूटी सड़क पर पड़े पत्थर से टकरा गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनके सिर और शरीर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने घटना की सूचना परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार वाले उन्हें पहले लोकबंधु अस्पताल और फिर पीजीआई ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सुरेश कुमार पाल मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले थे और तेलीबाग में परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी श्वेता पाल, बेटी सेल्वी और बड़े भाई अखिलेश पाल हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।