
पारदर्शी विकास ब्यूरो | कुशीनगर नैकाछपरा शिव मंदिर परिसर में “सत्या खुशहाल जीवनदान साइकिल योजना” के अंतर्गत साइकिल वितरण शिविर का आयोजन किया गया, जहां स्कूल जाने वाले 47 बच्चों को साइकिल वितरित की गई। साइकिल पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे, वहीं अभिभावकों ने भी संस्था के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना और विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को कम करना रहा।संस्था की स्टाफ रंजना चौहान ने बताया कि संस्था पूरे भारत में सामाजिक कार्य कर रही है और जरूरतमंद बच्चों के लिए शिक्षा से जुड़ी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने बताया कि बाजार में लगभग 5000 रुपये कीमत वाली साइकिल संस्था द्वारा मात्र 2600 रुपये में उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इसका लाभ उठा सकें और उनकी पढ़ाई बाधित न हो।संस्था के चेयरमैन सूरज मौर्या के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला मंत्री सीता गुप्ता एवं सुनील गुप्ता ने किया। इस दौरान अतिथियों ने बच्चों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और नियमित रूप से विद्यालय जाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मंदिर अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह, पुजारी बालेश्वर साधु, मंडल अध्यक्ष जगदीश सिंह, अयोध्या शर्मा, मनोज सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए संस्था के इस सामाजिक प्रयास को सराहनीय बताया।