
PARDARSHI VIKASH NEWS अधिक मास के पावन अवसर पर अयोध्या धाम में रविवार को श्रद्धा, भक्ति और सनातन परंपरा का भव्य संगम देखने को मिलेगा। विश्वकल्याणार्थ आयोजित 25 दिवसीय श्री श्री 1008 श्री विष्णु महायज्ञ के अंतर्गत सरयू तट के कच्चा घाट पर मां सरयू का दुग्धाभिषेक, भव्य आरती और चुनरी महोत्सव आयोजित किया जाएगा।इस आयोजन में श्रद्धालु मां सरयू को 1100 मीटर लंबी चुनरी अर्पित करेंगे। शाम 4 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्तों के शामिल होने की संभावना है।यह 25 दिवसीय महायज्ञ 22 मई से धर्मपथ स्थित संकटमोचन हनुमान किला में चल रहा है, जिसका समापन 15 जून को होगा। आयोजन के अध्यक्ष एवं संरक्षक श्रीहनुमन्तलाल जी महाराज के सान्निध्य में यह धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहा है, जबकि समापन समारोह में पूर्व सांसद लल्लू सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुंबई निवासी रामभाई वैदिक अनुष्ठानों में मुख्य यजमान की भूमिका निभाएंगे।यज्ञाध्यक्ष महंत परशुरामदास जी महाराज ने कहा कि अधिक मास में किए गए धार्मिक कार्यों का विशेष फल मिलता है। यह आयोजन विश्व शांति, राष्ट्र कल्याण और मानवता के मंगल की भावना से किया जा रहा है। मां सरयू को अयोध्या की जीवनरेखा बताते हुए उन्होंने इसे श्रद्धा और पुण्य साधना का अवसर बताया।आयोजन के तहत 2016 से चल रहे श्री बर्फानी दादा अखंड अन्नक्षेत्र द्वारा प्रतिदिन सैकड़ों जरूरतमंदों को भोजन भी कराया जा रहा है, जिससे धार्मिक सेवा और लोककल्याण की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है।