news-details

सपा में टूट या भाजपा में एंट्री?

You can share this post!

 


कानपुर में छिड़ी सियासी जंग, विधायकों ने किया बड़ा दावा

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने भाजपा के उन दावों पर पलटवार किया है, जिसमें सपा सांसदों और नेताओं के भाजपा के संपर्क में होने तथा चुनाव से पहले पार्टी में टूट की बात कही जा रही थी। सपा विधायकों ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश है। कैंट विधानसभा से सपा विधायक ने कहा कि पार्टी पूरी तरह मजबूत है और पीडीए के लोग मजबूती के साथ समाजवादी पार्टी के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं के बयान सिर्फ भ्रम फैलाने के लिए दिए जा रहे हैं। पीडीए की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर भाजपा इस तरह की बयानबाजी कर रही है।सपा विधायक ने दावा किया कि हकीकत इसके उलट है। भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता सपा के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि अभी नाम सार्वजनिक नहीं किए जा सकते, लेकिन समय आने पर तस्वीर साफ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से सपा में टूट की बातें सिर्फ जनता का ध्यान भटकाने के लिए की जा रही हैं।आर्यनगर विधायक अमिताभ बाजपेई ने भी भाजपा के दावों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर जाना चाहते थे, वे पहले ही जा चुके हैं। जो नेता दबाव के बावजूद समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहे, वे आगे भी पार्टी के साथ रहेंगे।अमिताभ बाजपेई ने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं को भरोसा है कि आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में बदलाव होगा। उन्होंने कहा कि अब सवाल यह नहीं है कि सपा से कौन जाएगा, बल्कि यह है कि भाजपा से जो लोग समाजवादी पार्टी में आना चाहते हैं, उन्हें जगह दी जाए या नहीं।सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी का संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और पीडीए के साथ लोगों का जुड़ाव बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में जनता भाजपा को जवाब देगी।

"जो लोग पार्टी छोड़कर जाने वाले थे, वे पहले ही जा चुके हैं। जो नेता दबाव के बावजूद समाजवादी पार्टी के साथ खड़े रहे, वे आगे भी मजबूती से साथ रहेंगे। अब सवाल सपा से कौन जाएगा नहीं, बल्कि भाजपा से आने वालों को जगह देने का है।"-अमिताभ बाजपेई, विधायक आर्यनगर

"भाजपा की ओर से सपा में टूट के दावे पूरी तरह हवा-हवाई हैं। पीडीए पूरी मजबूती के साथ एकजुट है। हमारी बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर ऐसे बयान दिए जा रहे हैं। भाजपा के कई लोग खुद हमारे संपर्क में हैं।"-मोहम्मद हसन रूमी, विधायक कैंट