
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। जनपद में शनिवार को तहसील स्तर पर सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें मंडलायुक्त चित्रकूट धाम अजीत कुमार की अध्यक्षता में तहसील कुलपहाड़ में जनसुनवाई सम्पन्न हुई। इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूट धाम मण्डल राजेश एस, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। तहसील कुलपहाड़ में कुल 89 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं तहसील महोबा में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 45 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 06 का तत्काल समाधान किया गया। इसी प्रकार तहसील चरखारी में 77 शिकायतों में से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया। जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतुष्टि के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायत निस्तारण से पहले शिकायतकर्ता से संवाद अनिवार्य रूप से किया जाए तथा असंतुष्ट शिकायत को निस्तारित न माना जाए।अधिकारियों ने आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। साथ ही यह भी निर्देशित किया कि लेखपाल ग्राम भ्रमण के दौरान दिग्गी पिटवाकर ग्रामीणों को सूचना दें और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करें।मंडलायुक्त ने तहसील कुलपहाड़ परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।