
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। खड्डा तहसील क्षेत्र के नेबुआ नौरंगिया विकासखंड परिसर में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वच्छता और साक्षरता पर जागरूकता नाटक प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि सांसद विजय कुमार दुबे ने कहा कि सेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाना है। सरकार का सेवा संकल्प जनकल्याण से जुड़ा है और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना इसका उद्देश्य है। उन्होंने लोगों से प्रदर्शनी में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने और पात्रता के अनुसार लाभ प्राप्त करने की अपील की। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शेषनाथ यादव ने कहा कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता है। इस मौके पर बीडीओ मनोज शर्मा, बीईओ रजनीश द्विवेदी, डॉ. रजनीश श्रीवास्तव, कृष्ण मुरारी पांडेय, हरि गोविंद रौनियार, सूरज गोविंद राव, बृजेश मिश्रा, सर्वजीत गुप्ता और रविंद्र यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।