
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित विद्यालयों में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए पेंटिंग, पोस्टर और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर अपनी सृजनात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां कराई गईं। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक और राष्ट्रीय सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया गया। छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्र निर्माण, जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों ने रंगों और रचनात्मक विचारों के जरिए समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के बाद प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में रचनात्मकता, सामाजिक चेतना और सकारात्मक सोच विकसित होती है। साथ ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी इनका महत्वपूर्ण योगदान रहता है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आगे भी विद्यालयों में विभिन्न जनजागरूकता और शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन जारी रहेगा।