
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर। अवधी गायक और यूट्यूबर संजय यदुवंशी के समर्थन में 9 अक्टूबर को तिकोनिया पार्क में हुए धरना-प्रदर्शन को लेकर कोतवाली नगर में तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें संजय यदुवंशी सहित कई नामजद और 200 से 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं। पहला मुकदमा नगर पालिका के पार्क प्रभारी सुशील कुमार श्रीवास्तव की शिकायत पर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में दर्ज हुआ है। इसमें करीब 2.5 लाख रुपये की क्षति का अनुमान है। दूसरा मुकदमा डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर फाड़ने की शिकायत पर दर्ज किया गया। तीसरे मुकदमे में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा, धार्मिक चिह्नों और पार्क की रेलिंग व गेट को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। पुलिस तीनों मामलों की जांच कर रही है। नगर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्र के अनुसार, अब तक तीन मुकदमे दर्ज हुए हैं।