news-details

सीएचसी फुरसतगंज का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। जनसामान्य को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने बुधवार देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था और मरीजों को मिल रही सेवाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड, औषधि वितरण कक्ष, एमएनसीयू (मदर एंड न्यूबॉर्न केयर यूनिट) सहित विभिन्न चिकित्सा इकाइयों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सालय परिसर के साथ आवासीय परिसर का भी भ्रमण कर व्यवस्थाओं को देखा।जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार, आवश्यक दवाएं और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। मरीजों के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।डीएम ने चिकित्सालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों की नियमित सफाई, परिसर में स्वच्छ वातावरण और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान देने को कहा।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक मरीज को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को मरीजों की सुविधा और संतुष्टि को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाएं लगातार बेहतर करने के निर्देश दिए गए।