
PARDARSHI VIKASH NEWS तारुन विकासखंड की ग्राम पंचायत बरांव में वर्ष 2020 में राज्य वित्त एवं चौदहवें वित्त आयोग योजना के तहत निर्मित ग्राम पार्क एवं व्यायामशाला रखरखाव के अभाव में बदहाल हो गई है। ग्रामीणों के स्वास्थ्य, व्यायाम और मनोरंजन के उद्देश्य से बनाया गया यह पार्क अब अपनी उपयोगिता खोता नजर आ रहा है।पार्क परिसर में लगी कई सीमेंट की बेंचें टूट चुकी हैं, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य लोगों को बैठने में परेशानी हो रही है। नियमित साफ-सफाई न होने के कारण परिसर में गंदगी और झाड़ियां फैल गई हैं। इससे सुबह-शाम टहलने और व्यायाम करने आने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक धन से बने इस पार्क का समय-समय पर रखरखाव कराया जाए तो यह फिर से लोगों के लिए उपयोगी बन सकता है। उन्होंने टूटी बेंचों की मरम्मत, परिसर की साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।खंड विकास अधिकारी आनंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि पार्क का निरीक्षण कराया जाएगा और आवश्यकता के अनुसार मरम्मत सहित अन्य जरूरी कार्य कराए जाएंगे, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।