
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद का राष्ट्रीय प्रवक्ता नियुक्त होने के बाद महंत संजय दास पहली बार अयोध्या पहुंचे, जहां बड़े भक्तमाल मंदिर में उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीठाधीश्वर महंत अवधेश कुमार दास ने की। इस दौरान संत-महंतों ने उन्हें अंगवस्त्र और मालाएं पहनाकर सम्मानित किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। समारोह में जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य, जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी डॉ. राघवाचार्य, निर्वाणी अनी अखाड़ा के श्रीमहंत मुरली दास, महासचिव सत्यदेव दास सहित अनेक संत मौजूद रहे। महंत संजय दास ने कहा कि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद देश के 13 अखाड़ों की सर्वोच्च संस्था है और संत समाज की गरिमा, अनुशासन व परंपराओं की रक्षा परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कुंभ मेलों के सफल आयोजन के लिए प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाया जाएगा। साथ ही संत वेश में अनुचित कार्य करने वालों के खिलाफ परिषद सख्त कार्रवाई करेगी। श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर उन्होंने कहा कि जांच एसआईटी कर रही है, इसलिए जांच पूरी होने से पहले कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। संतों ने उनकी नियुक्ति को अयोध्या और वैष्णव परंपरा के लिए गौरव का विषय बताया।