
PARDARSHI VIKASH NEWS अकबरपुर क्षेत्र के रूरा चौराहा स्थित गायत्री फार्मा मेडिकल स्टोर पर सेवा संस्था की ओर से सोमवार को निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। हर माह के प्रथम सोमवार को आयोजित होने वाले इस शिविर में करीब 50 लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।शिविर में आर.के. देवी सुपर स्पेशियलिटी आई हॉस्पिटल, पुखरायां से आए नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष त्रिपाठी और उनकी टीम ने मरीजों की जांच की। जांच के दौरान लोगों को आंखों से संबंधित समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई तथा आवश्यक दवाएं भी वितरित की गईं। चिकित्सकों ने विशेष रूप से गर्मी के मौसम में आंखों की देखभाल को लेकर जागरूक किया और धूप, धूल तथा संक्रमण से बचाव के उपाय बताए।सेवा संस्था की प्रमुख कंचन मिश्रा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और उन्हें समय पर चिकित्सकीय परामर्श दिलाना है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में नेत्र रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के शिविर लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि संस्था के प्रमुख सहयोगी मुकेश पुरवार और सुनील पांडेय के सहयोग से यह निःशुल्क नेत्र शिविर प्रत्येक माह के पहले सोमवार को आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। शिविर के दौरान धीरू अवस्थी, सूर्यांश पुरवार और श्वेता गुप्ता सहित संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे और व्यवस्थाओं में सहयोग किया।शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह और जांच की सुविधा अपने क्षेत्र में ही मिल जाती है। संस्था ने भविष्य में भी स्वास्थ्य संबंधी जनहित कार्यक्रम जारी रखने की बात कही है।