
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कर्मचारी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू की पत्नी पूनम यादव सामने आई हैं। उन्होंने 50 कमरे, हॉस्टल, होटल और लग्जरी गाड़ियों जैसी चर्चाओं को गलत बताते हुए कहा कि उनके पति को बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर कोई सबूत है तो सामने लाया जाए।चढ़ावा चोरी मामले में टिन्नू यादव का नाम सामने आने के बाद वह भी वीडियो जारी कर सफाई दे चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस संपत्ति को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह पहले से खरीदी गई थी। हालांकि जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं।मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी बुधवार को तीसरे दिन भी मंदिर परिसर पहुंची। टीम ने पहले दो दिनों में ट्रस्ट पदाधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य जुड़े लोगों से पूछताछ की। अब बैंक कर्मचारियों से भी जानकारी लेने की तैयारी है, जो चढ़ावे की गिनती और जमा प्रक्रिया से जुड़े रहे हैं।जांच में सामने आया है कि चढ़ावे की गिनती, रिकॉर्ड और बैंक जमा करने की पूरी प्रक्रिया को खंगाला जा रहा है। अब तक कई कर्मचारियों से पूछताछ हो चुकी है और कथित तौर पर करीब दो करोड़ रुपये की बरामदगी का दावा किया जा रहा है।इस मामले पर पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उठ रहे सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई।वहीं, अलग-अलग राजनीतिक और धार्मिक संगठनों की ओर से भी जांच की मांग उठाई जा रही है। कुछ लोगों ने एफआईआर दर्ज करने और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।