
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावा राशि में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग रामभक्तों और अयोध्या को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की गई है और जांच पूरी निष्पक्षता से होगी।जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन और रामभक्तों का विरोध करने वाले लोग आज रामभक्तों की चिंता जताने का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एसआईटी जांच दूध का दूध और पानी का पानी कर देगी तथा किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी के पास कोई प्रमाण है तो वह जांच टीम को उपलब्ध कराए। साथ ही उन्होंने रामभक्तों से 15 दिन धैर्य रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने मर्यादा और संयम का संदेश दिया है, इसलिए जांच पूरी होने तक अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए।उन्होंने कहा कि अयोध्या धाम को बदनाम करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। यदि किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कोई भी हो।मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग पहले राम मंदिर निर्माण का विरोध करते थे, वे आज इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार पारदर्शिता के साथ जांच करा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने मां कामाख्या धाम में पूजा-अर्चना की तथा रामायण वैक्स म्यूजियम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने का भी कार्यक्रम निर्धारित किया।राम मंदिर में चढ़ावा राशि से जुड़े मामले की जांच फिलहाल एसआईटी कर रही है। जांच टीम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों, कर्मचारियों, बैंक अधिकारियों और धनराशि की गिनती से संबंधित व्यवस्थाओं की पड़ताल कर रही है।