
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित गड़बड़ी के मामले में मंगलवार को दो अलग-अलग शिकायतों पर एफआईआर दर्ज होने की संभावना है। धर्मसेना के संस्थापक संतोष दुबे ने राम जन्मभूमि थाने में शिकायत दी है, वहीं यूपी युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष शरद शुक्ला भी शिकायत देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग करेंगे। फिलहाल इस मामले में अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच टीम (SIT) मंगलवार को लगातार दूसरे दिन राम मंदिर पहुंची। टीम के साथ अयोध्या के जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और डॉ. गौरव ग्रोवर भी मौजूद रहे। जांच टीम संदिग्ध कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। इससे पहले सोमवार को SIT ने ट्रस्ट महासचिव चंपत राय समेत कई पदाधिकारियों और करीब 42 कर्मचारियों से पूछताछ की थी।जांच में यह सामने आया है कि मंदिर परिसर में प्रवेश के समय कर्मचारियों की जांच होती थी, लेकिन बाहर निकलते समय चेकिंग की व्यवस्था नहीं थी। इसी बिंदु पर SIT जानकारी जुटा रही है। अब तक इस मामले में कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए हैं और उनकी निशानदेही पर करीब 2 करोड़ रुपये की बरामदगी की बात कही गई है।धर्मसेना के संस्थापक संतोष दुबे ने अपनी शिकायत में चढ़ावे से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच, दस्तावेजों और CCTV फुटेज सुरक्षित रखने तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह मामला केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है।वहीं, राजनीतिक स्तर पर भी इस मामले को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूरे मामले की जांच की मांग की, जबकि सरकार की ओर से SIT जांच पर भरोसा जताया गया है। जांच टीम अब वित्तीय रिकॉर्ड, कर्मचारियों की भूमिका और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।