
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार तेज हो रही है। सोमवार को पुलिस ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अयोध्या धाम शाखा पहुंचकर जेल में बंद आठ आरोपियों में से सात के बैंक खातों की जांच की और उनके बैंक स्टेटमेंट अपने कब्जे में लिए। अब यह पता लगाया जाएगा कि मंदिर में नौकरी मिलने के बाद उनके खातों में कितना पैसा जमा हुआ। पुलिस ने नोटों की गिनती से जुड़े बैंक के दो कर्मचारियों को भी नोटिस जारी किया है।इससे पहले मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए गए। मामले में गिरफ्तार आठों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाना है, जहां पुलिस रिमांड की मांग कर सकती है।उधर, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले की सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए कहा कि मामले पर छुट्टियों के बाद सुनवाई होगी। वहीं अयोध्या बार एसोसिएशन ने ऐलान किया कि चढ़ावा चोरी के आरोपियों की पैरवी कोई वकील नहीं करेगा। यदि कोई वकील उनका केस लड़ता है तो उस पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। बार एसोसिएशन ने मामले की सीबीआई जांच की मांग भी उठाई है। पुलिस पूरे प्रकरण में आर्थिक लेनदेन और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।