news-details

राम जन्मभूमि परिसर में मां दुर्गा मंदिर पर धर्म ध्वजारोहण

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या के राम जन्मभूमि परिसर में शुक्रवार शाम मां दुर्गा मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजारोहण का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम को नारी शक्ति को समर्पित रखा गया, जिसमें देशभर से आई करीब 3600 महिलाओं ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच साध्वी ऋतंभरा और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने मंदिर शिखर पर धर्म ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद पूरा परिसर जय माता दी और जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा।कार्यक्रम में साध्वी ऋतंभरा ने महिलाओं को समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को सशक्त और संस्कारित बनाने की आवश्यकता है। साथ ही गौ संरक्षण, भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी अपने विचार व्यक्त किए।आयोजन की विशेषता यह रही कि इसकी सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सीआरपीएफ की महिला बटालियन ने संभाली। विश्व हिंदू परिषद, दुर्गा वाहिनी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी हजारों महिलाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।राम मंदिर ट्रस्ट के अनुसार परकोटे में निर्मित मां अन्नपूर्णा, सूर्य, हनुमान, गणेश और शिव मंदिरों के बाद अब मां दुर्गा मंदिर पर भी धर्म ध्वजारोहण संपन्न हो गया है। अगले चरण में शेषावतार मंदिर पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।इस अवसर पर अयोध्या के अनेक संत-महंत, राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोग तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। आयोजन को राम मंदिर परिसर के धार्मिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।