
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में राजस्व, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी उप जिलाधिकारियों, तहसीलदारों और संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राजस्व वसूली, भूमि विवाद, अवैध कब्जों और लंबित प्रकरणों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।बैठक में किसान दुर्घटना बीमा योजना, राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि स्वयं तथ्यों का सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।उन्होंने सभी तहसीलों में अभिलेखागार, रिकॉर्ड रूम, इंटरनेट सुविधा, सीसीटीवी कैमरे और कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण विकसित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।