
पारदर्शी विकास ब्यूरो
पडरौना, कुशीनगर।
राजकीय आईटीआई, पडरौना परिसर में गुरुवार को उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं राजकीय आईटीआई, पडरौना के संयुक्त तत्वावधान में आंशिक दिव्यांगजन अभ्यर्थियों के लिए एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्देश्य दिव्यांग युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा।
रोजगार मेले में फ्लुएंटग्रिड (मीटर रीडर), शैडो फैक्स टेक्नोलॉजी प्रा. लि., इन्फोटेक अवे आईटी सॉल्यूशन, लोन डीएसए तथा फ्री जॉब सर्विस सहित विभिन्न निजी नियोजकों ने प्रतिभाग कर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। मेले में कुल 21 आंशिक दिव्यांगजन अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 18 अभ्यर्थियों का रोजगार एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार अभियान के लिए प्राथमिक स्तर पर चयन किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले दिव्यांग युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। चयनित अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया पूर्ण कराकर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर नोडल प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन आलोक कुमार मौर्य, उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग केंद्र प्रवीण कुमार मौर्य, जिला कौशल प्रबंधक अभय श्रीवास्तव, कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विनय पाण्डेय, आर्यन श्रीवास्तव सहित राजकीय आईटीआई के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।