news-details

पश्चिम बंगाल से लाई गईं दो युवतियां, नौकरी के नाम पर बनाया शिकार

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

कल्याणपुर क्षेत्र में नौकरी का झांसा देकर युवतियों को देह व्यापार में धकेलने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी रोहित वर्मा ने पश्चिम बंगाल से एक नहीं, बल्कि दो युवतियों को बुलाकर उनका शोषण किया। पीड़िताओं ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान में बताया कि आरोपी ने पहले उनसे संबंध बनाए, विरोध करने पर मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर देह व्यापार के लिए मजबूर किया।

पीड़िताओं के अनुसार, ‘राजू दादा’ नामक दलाल के जरिए संपर्क किया गया था, जिसने 25-30 हजार रुपये मासिक नौकरी और रहने-खाने का लालच देकर उन्हें कानपुर बुलाया। जांच में यह भी सामने आया कि पिछले पांच महीनों में करीब 15 लड़कियों को इसी तरह जाल में फंसाया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का नेटवर्क शहर के 40 से अधिक होटलों तक फैला था। वह ग्राहकों से 5 से 10 हजार रुपये वसूलता और होटलों को कमीशन देता था। आरोपी के पास से कई होटलों की सूची और पीड़िता का आधार कार्ड भी बरामद हुआ है।

रोहित वर्मा पर पहले से छेड़छाड़ और पॉक्सो सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। दोनों पीड़िताओं को नारी निकेतन भेज दिया गया है। पुलिस ने मुख्य दलाल की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर जांच तेज कर दी है।